लाइनमैन करंट हादसे के बाद भाकियू का धरना, ₹12.75 लाख मुआवजा व नौकरी पर बनी सहमति, धरना समाप्त

असलम त्यागी |चरथावल 

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी बिजली घर पर तैनात कसियारा निवासी लाइनमैन ग्राम अकबरगढ़ में बिजली लाइन पर कार्य करते समय करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर भर्ती कराया गया है।

घटना के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष संजय त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिरालसी बिजली घर पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। यह धरना देर शाम तक चला, जिसमें प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।

तहसीलदार, बिजली विभाग के एसडीओ और चरथावल कोतवाल की मौजूदगी में प्रशासन व किसान यूनियन के बीच लंबी वार्ता हुई, जिसके बाद पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा, नौकरी और कार्रवाई पर सहमति बनी।

समझौते के अनुसार कुल ₹12.75 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिसमें ₹4 लाख ठेकेदार द्वारा, ₹6.25 लाख बिजली विभाग द्वारा और ₹2.5 लाख विभागीय अधिकारियों के व्यक्तिगत सहयोग से प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात भी कही गई है।

वार्ता के बाद प्रशासन द्वारा लिखित सहमति दिए जाने पर धरना समाप्त कर दिया गया। मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष संजय त्यागी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रंजनवीर सिंह, सचिन, दीपक, रंजीत सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *