अकबरगढ़ में ट्रांसफॉर्मर मरम्मत के दौरान करंट लगने से विद्युत कर्मी गंभीर रूप से झुलसा, हालत नाजुक
असलम त्यागी |चरथावल
मुज़फ्फरनगर। जनपद के चरथावल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरगढ़ में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। ट्रांसफॉर्मर पर मरम्मत कार्य कर रहे 35 वर्षीय विद्युत कर्मी सावन पुत्र गोपीचंद निवासी ग्राम कसियारा, थाना चरथावल अचानक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सावन ट्रांसफॉर्मर पर मरम्मत कार्य में जुटे थे और लाइन बंद मानी जा रही थी। इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित कर दी गई, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल कर्मी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल मुज़फ्फरनगर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। बिना सूचना लाइन में करंट छोड़ने से कई लाइनमैन अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है और लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

