चरथावल के बिरालसी में रजवाहे में मिला अज्ञात शव, हाथ पर ‘दीपक’ नाम से पहचान की कोशिश
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सूखे पड़े रजवाहे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सुबह के वक्त वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद चरथावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मृतक की मौत रजवाहे में गिरने के कारण हुई हो सकती है, जिससे उसे गंभीर चोटें आई होंगी। हालांकि, पुलिस अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है।

थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के अनुसार, मृतक के दाहिने हाथ पर “दीपक” नाम गुदा हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है ताकि मृतक की शिनाख्त जल्द हो सके।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना एक हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।

