तेज रफ्तार कार का कहर, कार की टक्कर से टहलने निकली महिला की नहर में गिरकर मौत, एक घायल

असलम त्यागी | चरथावल 

मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पैदल घूम रही 2 महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की नहर में गिरकर डूबने से मौत हो गई। जबकि दूसरी घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नहर बस्ती निवासी 45 वर्षीय इमराना पत्नी आस मोहम्मद अपनी सहेली के साथ चरथावल–कुटेसरा मार्ग पर टहलने निकली थीं। इसी दौरान राजू कश्यप की आरा मशीन के पास तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि इमराना पास की नहर में जा गिरीं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत नहर में कूदकर महिला को बाहर निकाला और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी महिला को मामूली चोटें आई हैं, जिसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची ओर कार्रवाई में जुट गई। सीओ सदर डॉ रवि शंकर ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक कार को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *