चरथावल में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी, नगर पंचायत ने जारी की सूचना
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के नगर पंचायत चरथावल द्वारा क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। कार्यालय नगर पंचायत की ओर से 27 अप्रैल 2026 को जारी “सूचना आम” के माध्यम से सर्वसाधारण को अवगत कराया गया है कि थाना भवन रोड एवं रोहाना तिराहे से स्वागत द्वार तक सड़क किनारे किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटा लिया जाए।
सूचना में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर पंचायत स्वयं कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाएगी। इस दौरान होने वाले समस्त खर्च की जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकर्ता की होगी। नगर पंचायत प्रशासन ने इसे जनहित में आवश्यक कदम बताते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी साफ किया कि किसी भी स्थिति में सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।

