यूपी बोर्ड में क्षेत्र टॉपर बनी अफ्सा त्यागी, यूनिक पब्लिक स्कूल बहेड़ी गांव में हुआ भव्य सम्मान समारोह

असलम त्यागी |चरथावल 

मुज़फ्फरनगर। जनपद के विकास खंड चरथावल क्षेत्र के बहेड़ी ग्राम पंचायत स्थित यूनिक पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में यूपी बोर्ड की मेधावी छात्रा एवं क्षेत्र टॉपर अफ्सा त्यागी के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य अरशद जलाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बहेड़ी निवासी नदीम त्यागी की सुपुत्री एवं स्व. हाजी हनीफ की पौत्री अफ्सा त्यागी ने कक्षा 10 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र में टॉप स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें मेडल, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

समारोह का उद्देश्य अफ्सा त्यागी की सफलता को सम्मानित करने के साथ-साथ अन्य छात्र-छात्राओं को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान अफ्सा को मंच पर आमंत्रित कर छात्रों से परिचित कराया गया, जिससे उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह और जागरूकता बढ़े।

प्रधानाचार्य अरशद जलाल ने अपने संबोधन में बताया कि अफ्सा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा यूनिक पब्लिक हाई स्कूल इंटर कॉलेज से कक्षा 8 तक प्राप्त की, जिसके बाद खामपुर स्थित यूनिक इंटर कॉलेज से आगे की पढ़ाई करते हुए शानदार अंक हासिल किए। उन्होंने कहा कि अफ्सा की मेहनत और लगन पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अफ्सा त्यागी, उनके परिजनों, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ को बधाई देते हुए छात्रों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया। समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों ने तालियां बजाकर अफ्सा का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के अंत में प्रधानाचार्य अरशद जलाल एवं छात्रा के परिजनों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अफ्सा त्यागी के पिता नदीम त्यागी, डॉ. इरफान त्यागी (भावी प्रत्याशी, प्रधान पद), नौशाद त्यागी, छोटा त्यागी, रहिस अहमद, अब्दुल कवि, नासिर मास्टर, नसीम त्यागी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *