चरथावल ब्लॉक में भव्य सामूहिक विवाह 91 जोड़े एक ही मंच पर बंधे विवाह बंधन में,गूंजी सामाजिक समरसता की मिसाल
असलम त्यागी | चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल विकास खंड में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह ने एक बार फिर सामाजिक एकता, सहयोग और भाईचारे की मिसाल पेश की। शासन की सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 91 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।जहां एक ही प्रांगण में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों का विवाह उनके-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने शिरकत की।जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चरथावल ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुण्डीर मौजूद रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक दल के मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष,बघरा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गौरव,जिला समाज कल्याण अधिकारी,खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, एडीओ पंचायत सोमदत्त, सत्तार प्रधान, मुकेश प्रधान,आरिफ प्रधान, वीरपाल, धर्मेंद्र प्रधान, अब्दुल जब्बार प्रधान और हाजी मोहम्मद रजा प्रधान सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक समारोह में शामिल हुए।
चरथावल खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के तहत कुल 99 आवेदक पात्र पाए गए थे। हालांकि समारोह के दिन 91 जोड़े ही उपस्थित हो सके। सभी जोड़ों का पहले बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया, जिसके बाद ही उन्हें विवाह प्रक्रिया में शामिल किया गया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य योजना में पारदर्शिता और पात्र लाभार्थियों को ही लाभ सुनिश्चित करना रहा।इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि 91 जोड़ों में से 62 हिंदू और 29 मुस्लिम जोड़े शामिल थे। एक ही परिसर में दोनों समुदायों के विवाह उनके-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराए गए। जहां एक ओर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी द्वारा संपन्न कराया गया। इस दृश्य ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का मजबूत संदेश दिया।
सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने बच्चों का विवाह कर सकें। इस योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को आवश्यक गृहस्थी का सामान और आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत सुगमता से कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, समानता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं।

