चरथावल क्षेत्र मे हुक्का विवाद में खूनी संघर्ष, पांच पर मुकदमा दर्ज

असलम त्यागी | चरथावल

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के कुल्हेड़ी गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 500 रुपये और कोल्ड ड्रिंक को लेकर शुरू हुआ झगड़ा मारपीट और जानलेवा हमले में बदल गया। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अफलातून पुत्र जरीफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना 23 मार्च की है। गांव की एक हलवाई की दुकान पर सामान लेने के दौरान आरोपियों ने उसके साथ आए युवक का हुक्का छीन लिया और 500 रुपये देने या सभी को कोल्ड ड्रिंक पिलाने की मांग की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि बाद में आरोपी एकजुट होकर पीड़ित के घर पहुंच गए और लोहे की रॉड व लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में गहरी चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दाहिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *