दबंगों ने हुक्का छीनकर कोल्ड ड्रिंक मांगी, विरोध करने पर धारदार हथियारों व रॉड से किया हमला, दो हुए घायल

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम कुल्हेड़ी में हुक्का विवाद को लेकर दो युवकों पर हमला किया गया। दबंगों ने लोहे की रॉड, धारदार हथियार और लकड़ी की फट्टियों से हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
​जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब एक युवक भूरा हलवाई की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसका हुक्का छीन लिया और 500 रुपये या कोल्ड ड्रिंक की मांग करने लगे। युवक द्वारा विरोध करने पर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।
​जब अन्य युवक बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में दो युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए।
​घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने चरथावल थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
​चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दाहिया ने बताया कि मारपीट में घायल दोनों युवकों का अस्पताल में उपचार कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर प्राप्त होते ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *