बेज़ुबान को पटक-पटक मारने वाले आरोपी पंकज पाल को चरथावल पुलिस ने किया गिरफ्तार
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे के मोहल्ला हलवाईयान में एक बेजुबान कुत्ते को बेरहमी से पटक-पटक कर मारने वाले आरोपी पंकज पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न केवल पशु क्रूरता जैसे जघन्य अपराध में शामिल था, बल्कि घटना के बाद मोहल्ले के लोगों को धमकाकर इलाके की शांति व्यवस्था भी भंग कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को मोहल्ला हलवाईयान निवासी शिखा आर्य ने चरथावल थाने तहरीर देकर बताया था कि एक कुत्ते को बेरहमी से पटक-पटक कर मार डाला यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है वीडियो में पंकज पाल पुत्र सरजीत पाल गली में घूमने वाले एक कुत्ते को बेहद बेरहमी से मारता हुआ दिखाई दिया। उक्त मामले की शिकायत के आधार पर चरथावल थाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 325 बीएनएस और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
चरथावल पुलिस के अनुसार, इस जघन्य घटना के बाद भी आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। वह मुकदमे की पैरवी करने वाले लोगों और मोहल्लेवासियों को लगातार चिढ़ा रहा था और धमकियां दे रहा था, जिससे इलाके में डर और रोष का माहौल बना हुआ था। शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए रविवार (22 मार्च) को उप-निरीक्षक राजेश शर्मा और कांस्टेबल राहुल गिरी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना चरथावल पुलिस ने आरोपी पंकज पाल का चालान धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत करते हुए उसे माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि समाज में डर फैलाने और बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


