मुजफ्फरनगर: महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी, 9 मई 2026 से पहले भव्य प्रतिमा स्थापना का संकल्प

मुजफ्फरनगर के आर्य समाज शहर परिसर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के आह्वान पर महावीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. लाखन सिंह जी ने की।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के6 प्रतिष्ठित एवं गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। गोष्ठी में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप जी के राष्ट्र, धर्म और स्वाभिमान के लिए किए गए अद्वितीय बलिदान और संघर्ष को स्मरण किया तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि जनपद मुजफ्फरनगर के नगर क्षेत्र में किसी सार्वजनिक स्थल पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। उपस्थित सभी बुद्धिजीवियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि यह पुण्य कार्य 9 मई 2026 से पूर्व पूर्ण किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार भामाशाह जी ने अपने सर्वस्व से महाराणा प्रताप जी का सहयोग किया था, उसी भावना के साथ समाज के सभी लोग तन-मन-धन से इस अभियान में सहयोग प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनूप सिंह राठी (एडवोकेट), संजय मिश्रा, सुनील तायल, तरुण मित्तल, भूपेंद्र गोयल और हर्षद राठी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अधिवक्ता अग्रिश राणा, अधिवक्ता अशोक कुशवाहा, अधिवक्ता संदीप पुंडीर, हरेंद्र राणा, संजीव राणा, दिनेश पंडित, मुकेश पुंडीर आर्य, समर ठाकुर, अमित पुंडीर, मनोज पुंडीर, पंकज राणा, विवेक चौहान और विशाल पुंडीर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

 

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. लाखन सिंह जी ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण भारतवर्ष के गौरव हैं। उनकी प्रतिमा की स्थापना आने वाली पीढ़ियों को एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देगी।

कार्यक्रम का समापन महाराणा प्रताप जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा “जय महाराणा प्रताप” के गगनभेदी उद्घोष के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *