जनपद / मुजफ्फरनगर

राष्ट्रीय कार्यालय पर भाकियू (तोमर) ने धूमधाम से मनाया संगठन का 7वां स्थापना दिवस, 15 जनवरी को तहसील घेराव का ऐलान

किसानों की जमीन पर कब्जे का आरोप, प्रशासन को दिया आंदोलन का अल्टीमेटम

मुजफ्फरनगर (रामपुर तिराहा): भारतीय किसान यूनियन (तोमर) का 7वां स्थापना दिवस आज जनपद मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पर बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने केक काटकर भाकियू (तोमर) के सात सफल वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव साझा किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि संगठन ने बेहद कम समय में ऐतिहासिक विस्तार किया है। आज भाकियू (तोमर) उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड, दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित कुल 8 राज्यों में किसानों की मजबूती से आवाज बनकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि बीते सात वर्षों में संगठन को कई बार शासन और प्रशासन से टकराव का सामना करना पड़ा, लेकिन संगठन न कभी डरा, न झुका और न ही किसानों के हक की लड़ाई से पीछे हटा।

स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ब्लॉक पुरकाजी के ग्राम सुहैड़ी जमालपुर का गंभीर मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ बड़े उद्योगपति फर्जी एग्रीमेंट के माध्यम से किसानों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद सदर एसडीएम को निर्देश तो दिए गए, लेकिन इसके बावजूद किसान लगातार तहसील के चक्कर काटने को मजबूर हैं। प्रशासन की ओर से उद्योगपतियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

चौधरी संजीव तोमर ने साफ चेतावनी दी कि यदि किसानों की जमीन उन्हें वापस नहीं दिलाई गई, तो 15 जनवरी से सदर तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन पड़ाव और घेराव आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी मुजफ्फरनगर प्रशासन की होगी।

इस मौके पर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को ‘गांव चलो’ अभियान का नारा देते हुए आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को सुनें और मौके पर ही समाधान के लिए संघर्ष करें। उन्होंने दो टूक कहा कि भारतीय किसान यूनियन (तोमर) किसी भी कीमत पर किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी और यदि 15 जनवरी तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शरवन त्यागी, पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष रिहान तोमर, युवा पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री जितेंद्र सैनी, युवा कार्यकारिणी प्रदेश प्रभारी हसीर, मंडल प्रवक्ता चंदन त्यागी, मंडल उपाध्यक्ष साजिद अल्वी, साजिद राणा, शानू, भूरा हाथी, निशांत राठी, जग्गम, सोनू, अश्वनी, रवि, ईशराइल, मुस्तफा, अली हसन सहित बड़ी संख्या में किसान व पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *