चरथावल में मैदान रामलीला भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, मुख्यमंत्री से की गई शिकायत
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे में स्थित मैदान रामलीला की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर श्री रामलीला समिति ने गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अनुसार, मैदान रामलीला की भूमि खाता संख्या 82, 122 और 143 एवं खसरा संख्या 4107, 4108 और 4106 पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यह भूमि वर्षों से रामलीला मंचन सहित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोग में लाई जाती रही है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में समिति ने कहा है कि संबंधित भूमि सार्वजनिक आस्था व सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है, फिर भी कब्जाधारियों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण किया जा रहा है। समिति का कहना है कि इससे न केवल रामलीला मंचन प्रभावित हो रहा है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंच रही है।
समिति ने मुख्यमंत्री से अवैध कब्जा हटवाने, निर्माण कार्य रुकवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मैदान की चारदीवारी कर उसे सुरक्षित घोषित करने की भी अपील की गई है।
समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

