कुल्हेड़ी बिजलीघर में पहुँची नई वीसीवी मशीन, जल्द बहाल होगी विद्युत आपूर्ति
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र स्थित ग्राम कुल्हेड़ी के बिजलीघर में लगी पुरानी वीसीवी मशीन के खराब होने से पिछले कई दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित चल रही थी। बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या के कारण ग्रामीणों को घरेलू कार्यों के साथ-साथ सिंचाई और पेयजल आपूर्ति में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार जारी समस्या को देखते हुए ग्रामीणों और समाजसेवी अहताशाम राणा कुल्हेड़ी ने विभाग से नई मशीन उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। मांग को संज्ञान में लेते हुए विभाग ने नई वीसीवी मशीन भेज दी है। बताया गया कि अहताशाम राणा, जो जिला पंचायत सदस्य पद के वार्ड-12 से भावी प्रत्याशी भी बताए गए हैं, तथा जेई अरविंद कुमार यादव के प्रयासों से मशीन बिजलीघर तक पहुँच पाई।
बिजलीघर पर अब इंस्टॉलेशन कार्य शुरू करने की तैयारी चल रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आवश्यक तकनीकी औपचारिकताएँ पूरी होने के बाद मशीन को स्थापित कर दिया जाएगा, जिसके बाद कुल्हेड़ी सहित आसपास के गांवों में पुनः सुचारू विद्युत आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
नई मशीन पहुँचने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या से अब राहत मिलने की संभावना है। ग्रामीणों ने विभाग एवं सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार जताया।

