युवा कार्यकर्ताओं की होगी ट्रेनिंग, युवा संवाद सम्मेलन में गरजे राकेश टिकैत

मुज़फ्फरनगर।देश में किसानों की सबसे बड़ी संगठन भारतीय किसान यूनियन द्वारा उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जनपद के एक बैंक्वेट हॉल में सोमवार को युवा कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया।

युवा संवाद सम्मेलन के दौरान राकेश टिकैत युवाओं से नाराज़ नजर आए। उन्होंने धरने का महत्व समझाते हुए कहा कि आजकल तीन घंटे के प्रदर्शन को धरना कहा जा रहा है, जबकि असली धरना आख़िरी विकल्प होता है। धरना बोरिया-बिस्तर बांधकर किया जाता है, न कि कुछ घंटों के लिए।

राकेश टिकैत ने साफ शब्दों में कहा कि अब यदि कोई धरना देगा तो उसे कम से कम 72 घंटे धरने पर बैठना होगा, चाहे उस दौरान समझौता क्यों न हो जाए। उन्होंने कहा कि आए दिन होने वाले छोटे-छोटे धरनों से संगठन की गरिमा प्रभावित होती है।

मीडिया से बातचीत में राकेश टिकैत ने बताया कि संगठन में 35 वर्ष से कम उम्र के युवा कार्यकर्ताओं की विशेष ट्रेनिंग चलाई जाएगी, ताकि उन्हें धरना, पंचायत, महापंचायत और संगठन के नियमों की सही जानकारी दी जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन में अनुशासन, नशामुक्ति और कार्यशैली पर सख्ती से काम किया जाएगा।

इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय किसान यूनियन के मुज़फ्फरनगर महानगर अध्यक्ष ठाकुर गुलबहार राव द्वारा किया गया। आयोजक गुलबहार राव ने अपनी टीम के साथ चौधरी राकेश टिकैत का भव्य स्वागत किया।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *