Anuj Tyagi


किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने बेटी के जन्मदिन पर बांटे 251 हेलमेट, “नो हेलमेट–नो हाईवे” का दिया सशक्त संदेश


बेटी के जन्मदिन पर सड़क सुरक्षा का संकल्प, अमित राठी ने 251 हेलमेट बांटकर लोगों को किया जागरूक

मुज़फ्फरनगर। मोरना कस्बे के चौधरी चरण सिंह चौक पर बुधवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। भाजपा नेता, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने अपनी बेटी वेदिका राठी के 11वें जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए दोपहिया वाहन चालकों को 251 निशुल्क हेलमेट वितरित किए। इस पहल ने जन्मदिन को केवल पारिवारिक उत्सव न रखकर जनहित का संदेश बना दिया।

हेलमेट वितरण के दौरान अमित राठी ने कहा कि जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं, जिनमें सबसे अधिक नुकसान दोपहिया वाहन चालकों को उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। मुज़फ्फरनगर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “नो हेलमेट–नो हाईवे” अभियान सड़क हादसों को रोकने की दिशा में एक सख्त लेकिन जरूरी कदम है, जिसे जनसहयोग की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार को जीवन भर का दर्द दे सकती है। यातायात नियमों का पालन डर से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और समझदारी से होना चाहिए। सड़क सुरक्षित होगी तो समाज भी सुरक्षित रहेगा।

कार्यक्रम में मौजूद सीओ भोपा देवव्रत वाजपेई ने भी वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, तभी बहुमूल्य जीवन की रक्षा संभव है।

शांति कुंज से जुड़े डॉ. ओमपाल सिंह ने इस पहल को सामाजिक चेतना से जुड़ा हुआ प्रयास बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम एक पिता के स्नेह के साथ-साथ समाज को जिम्मेदारी का संदेश देता है। वहीं ग्राम सुधार सेवा समिति के अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने वेदिका राठी की दीर्घायु की कामना करते हुए इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण पाल, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह, ललित तोमर, अश्विनी सहरावत, राजीव चेयरमैन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *