Anuj Tyagi


भंडूरा गांव में प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का मशाल जुलूस, एकजुट होकर संघर्ष का ऐलान 

मुज़फ्फरनगर।भंडूरा गांव में बुधवार को बढ़ते प्रदूषण के विरोध में ग्रामीणों ने हाथों में मशाल लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। मशाल जुलूस के बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने क्षेत्र में फैल रहे प्रदूषण को गंभीर समस्या बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक संघर्ष का आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए अंकित जवाला, तहसील अध्यक्ष ने कहा कि आसपास के कई गांव प्रदूषण के कारण भयावह हालात से गुजर रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं और हर महीने किसी न किसी गांववासी की बीमारी से मौत हो रही है। वहीं पशुओं में बांझपन जैसी समस्या सामने आ रही है, जिससे पशुपालक भी बुरी तरह प्रभावित हैं।

वक्ताओं ने कहा कि लगातार प्रदूषण के कारण फसलें सूख रही हैं, जमीन बंजर होती जा रही है और जल व वायु दोनों ही जहरीले हो चुके हैं। उद्योगों से निकलने वाले प्रदूषण के चलते क्षेत्र के लोग शारीरिक और आर्थिक रूप से टूट चुके हैं। पहले बीमारी, फिर इलाज का भारी खर्च और ऊपर से फसल न होना लोगों के दुखों का सबसे बड़ा कारण बन चुका है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई परिवार मजबूरी में पलायन करने को विवश हैं।

इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह लड़ाई अकेले किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की है। उन्होंने सभी किसान संगठनों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपस में लड़ने से केवल उद्योगपति मजबूत होते हैं, जबकि एकता से ही प्रदूषण के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा सकती है।

सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी संगठन मिलकर आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे और क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त कराने तक संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर मनीष देव, दीपक मलिक, जयवीर ठाकुर, अनिल प्रधान, फुरकान, कंवरपाल सिंह, जयपाल सिंह, प्रश्न कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *