सपा मासिक बैठक में कानून व्यवस्था, एसआईआर और मिशन 2027 पर जोर
मुजफ्फरनगर।
समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जबकि संचालन सपा नेता पवन बंसल ने किया। बैठक की जानकारी समाजवादी पार्टी के नि० जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने दी।
बैठक को संबोधित करते हुए सपा सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने कार्यकर्ताओं को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और मिशन 2027 के तहत संयम एवं संगठनात्मक मजबूती के साथ पार्टी को सत्ता में लाने का आह्वान किया। उन्होंने एसआईआर अभियान पर लगातार सतर्क दृष्टि बनाए रखने की जरूरत बताई।

सपा जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से भाजपा की एसआईआर से जुड़ी साजिश को प्रथम चरण में रोका गया है। आगे भी सभी पात्र मतदाताओं के वोट बचाने के लिए सपा एकजुट होकर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने विदेशों में हिंदू भाइयों एवं भारतीयों पर हो रहे उत्पीड़न और हत्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस पर सपा की आवाज को भाजपा प्रायोजित हमलों से दबाया नहीं जा सकता।

सपा राष्ट्रीय सचिव राजकुमार यादव एवं सपा महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी ने जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी पर हुए हमले को समाजवादी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि जिले की कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी जैसे मूल मुद्दों पर भाजपा सरकार की विफलता के कारण अराजक माहौल पैदा किया जा रहा है।
बैठक में देश की प्रथम महिला शिक्षिका एवं महान समाजसेविका सावित्रीबाई फूले की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए पुष्प अर्पित किए गए।
बैठक को सपा प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि, पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी, सोमपाल सिंह कोरी, धर्मेंद्र सिंह नीटू, चौधरी विकिल गोल्डी अहलावत, तहसीन मंसूरी, माजिद सिद्दीकी, शमशेर मलिक, सपा शिक्षक सभा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, आमिर कासिम एडवोकेट, पूजा अंबेडकर, रविकांत त्यागी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

