पुष्कर सिंह धामी ने रांसी, पौड़ी में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम में सुने जनसुझाव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में जनपद पौड़ी के रांसी स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जनप्रतिनिधियों, किसानों, उद्यमियों, व्यापारियों, महिला समूहों, पर्यटन व्यवसायियों, मत्स्य पालकों और अन्य हितधारकों ने आगामी बजट के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा जनहितकारी बजट तैयार करना है, जो प्रदेश की जमीनी जरूरतों और जनअपेक्षाओं के अनुरूप हो। बजट को विकसित उत्तराखंड के निर्माण का रोडमैप बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे पारदर्शी, सहभागी और जनोन्मुखी बनाया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
संवाद के दौरान ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तिकरण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवर लाइन और सोलर प्लांट स्थापना जैसे सुझाव मिले। शहरी क्षेत्रों में संसाधन बढ़ाने, सोलर सिटी अवधारणा, पार्किंग और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कृषि और उद्यान क्षेत्र में पर्वतीय खेती को प्रोत्साहन, उच्च मूल्य फसलें, कोल्ड स्टोरेज, क्लस्टर आधारित खेती और प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने के सुझाव आए। उद्योग क्षेत्र में पूंजीगत सब्सिडी, ब्याज अनुदान और स्थानीय उत्पाद आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की मांग रखी गई।
महिला सशक्तिकरण के तहत प्रशिक्षण केंद्र, ब्याज मुक्त ऋण और स्थानीय सेवाओं में प्राथमिकता पर बल दिया गया। पर्यटन क्षेत्र में होमस्टे के लिए रियायती ऋण, हेली सेवा विस्तार, वैकल्पिक मार्ग और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के सुझाव सामने आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सुझावों का गंभीर परीक्षण कर उन्हें आगामी बजट में यथासंभव शामिल किया जाएगा। वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य दोहराते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से तैयार बजट राज्य की विकास यात्रा को नई गति देगा।
#Pauri #PushkarSinghDhami #UttarakhandBudget #PublicDialogue #Development #AnujTyagiPost

