2025 में खरीदी बाइक पर 2014 का चालान लंबित, पीड़ित ने एजेन्सी पर लगाए गंभीर आरोप, थाने में दी तहरीर
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कानूनगोयान मोहल्ला निवासी विनय ने एक बाइक एजेंसी पर आरोप लगाते हुए चरथावल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि एजेंसी ने बाइक बेचने के बावजूद अब तक उसके कागजात और नंबर प्लेट नहीं दिए। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने 14 फरवरी 2025 को मुज़फ्फरनगर रोड स्थित वैभव मोटर्स, चरथावल से पल्सर 125 सीसी बाइक खरीदी थी और पूरा भुगतान एकमुश्त किया था। एजेंसी ने जल्द कागजात देने का आश्वासन दिया था। विनय का कहना है कि एक माह बाद कागजात मांगने पर एजेंसी ने टालमटोल शुरू कर दी। करीब पांच महीने बाद उन्हें बताया गया कि बाइक पर दिल्ली का चालान लंबित है, जिसे पहले भरना होगा। पीड़ित ने सवाल उठाया कि बिना कागजात बाइक दिल्ली कैसे जा सकती है। इसके बाद आरटीओ से जानकारी करने पर पता चला कि बाइक का चेसिस दिल्ली बुराड़ी आरटीओ से ब्लॉक है और उस पर वर्ष 2014 का पुराना चालान दर्ज है। इसकी प्रतिलिपि भी शिकायत के साथ लगाई गई है। पीड़ित ने एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई कर बाइक के वैध कागजात दिलाने की मांग की है। शिकायत 27 दिसंबर 2025 को दर्ज कराई गई।
चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के अनुसार चालान ऐप पर कोई चालान नहीं दिखा, जबकि एजेंसी मालिक का कहना है कि चालान के कारण आरसी नहीं बन पा रही। वहीं आरटीओ अधिकारियों के अनुसार बाइक पर 2014 का चालान लंबित है।


