Oplus_16908288

चरथावल के नहर पुल की बदहाल स्थिति, हादसों को दे रहा है दावत, किसानो ने ओवरलोड वाहनों पर लगाया पुल को क्षतिग्रस्त करने का आरोप

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र में स्थित कुटेसरा जाने वाला नहर पुल इन दिनों गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त अवस्था में पहुंच चुका है। पुल पर जगह-जगह दरारें, टूटी रेलिंग के कारण राहगीरों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दोपहिया वाहनों के फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय किसानों व ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। गन्ना, गेहूं सहित अन्य फसलों की ढुलाई इसी रास्ते से होती है। किसानों का आरोप है कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली, ओवरलोड ट्रक और भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण पुल को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न तो पुल की मरम्मत कराई गई और न ही किसी प्रकार के चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई, जिससे विभागीय लापरवाही स्पष्ट दिखाई देती है।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नहर पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो किसान और ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *