चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती की पूर्व संध्या पर हवन–यज्ञ में शामिल हुए सांसद हरेंद्र मलिक

मुजफ्फरनगर। सर्कुलर रोड स्थित चौधरी चरण सिंह चौक पर भारत रत्न, स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उनके अनुयायियों द्वारा हवन–यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक विशेष रूप से शामिल हुए।

इस अवसर पर सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने देश में ग्रामीण समाज और किसानों को राजनीतिक पहचान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि यदि चौधरी चरण सिंह न होते तो गांव का व्यक्ति कभी सांसद या विधायक बनने की कल्पना भी नहीं कर पाता। किसानों के अधिकारों, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए उन्होंने आजीवन संघर्ष किया और किसानों को एक सशक्त वर्ग के रूप में स्थापित किया। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, ईमानदारी और जनसेवा का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर जनहित में कार्य करना चाहिए तथा उनके पदचिह्नों पर चलना चाहिए।

इस दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष के समक्ष यह मांग रखी कि नगर पालिका चौक पर शीघ्र ही भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की जानकारी मिल सके। नगर पालिका अध्यक्ष ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व मंत्री योगराज सिंह, जिला अध्यक्ष संदीप मलिक, सुधीर भारती सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और चौधरी चरण सिंह के अनुयायी उपस्थित रहे। सभी ने हवन–यज्ञ में भाग लेकर देश, प्रदेश और किसानों की समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर रंजन वीर, प्रभात तोमर, विकास कादियान, गौरव मांडी, उमादत्त शर्मा, पूर्व प्रमुख विनोद मलिक, गोल्डी अहलावत, आयोजकों में ओमवीर सिंह, सन्नी कुमार, विकास बालियान, योगेंद्र सिंह, विकास कुमार, प्रशांत अहलावत, नरेंद्र तोमर, संजीव, दिनेश, वीरभान (पूर्व सभासद), हरविंदर लाठियान, खुशवीर सिंह, मास्टर महेश, रजत बालियान सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *