नहर बस्ती में सफाई व्यवस्था फेल, गंदगी के बीच नरकीय जीवन जीने को मजबूर नहर बस्ती के लोग! 
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल देहात के अंतर्गत आने वाली नहर बस्ती में सफाई व्यवस्था की पोल खुलकर सामने आ गई है। बस्ती में लंबे समय से नियमित सफाई न होने के कारण नालियां पूरी तरह चोक पड़ी हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा हो रहा है। वहीं जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद चरथावल देहात ग्राम प्रधान की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोग मजबूरी में खुद ही नालियों की सफाई कर रहे हैं। इससे साफ है कि बस्ती में सफाई व्यवस्था पूरी तरह लचर बनी हुई है।
गंदगी के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैली हुई है और मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सफाई व्यवस्था न होने से नहर बस्ती के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नियमित सफाई व्यवस्था बहाल की जाए, नालियों की समुचित सफाई कराई जाए और कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें गंदगी और बीमारी से राहत मिल सके।

