Anuj Tyagi 8171660000


राजकुमार जनता इंटर कॉलेज की स्वर्ण जयंती पर भव्य समारोह, इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का भूमि पूजन

पुरकाजी। फलौदा स्थित राजकुमार जनता इंटर कॉलेज के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कॉलेज परिसर में स्वर्ण जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया, वहीं कॉलेज के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए अल्ट्रा मॉडर्न इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का विधिवत भूमि पूजन किया गया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि त्यागी ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश त्यागी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कॉलेज प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर स्वागत व सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. जयप्रकाश त्यागी ने कहा कि समाज की ओर से पहनाई गई पगड़ी की गरिमा और लाज को वे जीवन भर बनाए रखेंगे तथा अपनी क्षमता के अनुरूप संस्थान और समाज के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान समाज के काम आ सके, तो इससे बड़ा सौभाग्य उनके लिए कुछ नहीं हो सकता।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कॉलेज परिसर में निर्मित नवीन कक्षाओं, पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया और शिक्षण सुविधाओं की सराहना की। इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के भूमि पूजन के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह कॉम्पलेक्स विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं खेल प्रतिभा विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक नवीन त्यागी ने कहा कि राजकुमार जनता इंटर कॉलेज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र में संस्कार, अनुशासन और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन का संकल्प है कि भविष्य में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ खेल, तकनीक और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ा जाएगा। प्रबंधक नवीन त्यागी ने कहा कि इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है और आने वाले समय में कॉलेज को शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।

समारोह में कॉलेज अध्यक्ष डॉ. विनोद त्यागी ने कॉलेज के 50 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सभी सहयोगियों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज ने हमेशा क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का कार्य किया है और आगे भी यह परंपरा जारी रहेगी।

कार्यक्रम में खाईखेड़ी, भैंसानी, बरला, कुतुबपुर, छपार,केंदुकी, रोहना,मलीरा,बड़कली,बेहड़ी, नावला, पूरा, घुमावटी सहित आसपास के गांवों के साथ-साथ मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा एवं उत्तराखंड से आए गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

समारोह में भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, जिला पंचायत सदस्य अरुण त्यागी, प्रधानाचार्य गौरव त्यागी, मांगराम त्यागी, जसवंत त्यागी, डॉ. मामचंद शर्मा, अमरीश त्यागी, हरीश त्यागी, प्रेम प्रकाश त्यागी, हरिओम त्यागी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता तिलकराम त्यागी ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य अविनाश त्यागी एवं एडवोकेट संदीप त्यागी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *