ब्लॉक चरथावल का सातवां गांव निवारणीय अंधता मुक्त घोषित!

मुजफ्फरनगर जनपद के विकास खण्ड चरथावल स्थित गांव कल्लरपुर को निवारणीय अंधता मुक्त घोषित किया गया। यह उपलब्धि डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल एवं स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के सहयोग से संचालित चरथावल नेत्र जांच केंद्र के माध्यम से हासिल हुई। इसके साथ ही कल्लरपुर, ब्लॉक चरथावल का सातवां निवारणीय अंधता मुक्त गांव बन गया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुज गर्ग (अध्यक्ष, व्यापार मंडल चरथावल) एवं ग्राम प्रधान चरण सिंह उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल द्वारा समुदाय में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन कम्युनिटी ऑप्टोमेट्रिस्ट परविंदर त्यागी ने किया। उन्होंने अतिथियों एवं ग्रामवासियों का स्वागत करते हुए आंखों में होने वाली बीमारियों, उनके लक्षण और उपचार के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी।

वरिष्ठ सामुदायिक कार्यक्रम अधिकारी दीपक रावत ने अस्पताल द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं और निवारणीय अंधता मुक्त कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घोषणा से पूर्व गांव में घर-घर जाकर संस्था की टीम ने मरीजों को चिन्हित किया। इसके बाद मरीजों को चरथावल नेत्र जांच केंद्र लाकर परीक्षण कराया गया। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की निशुल्क सर्जरी मनानी, सहारनपुर स्थित डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल में कराई गई। वहीं जिन मरीजों को चश्मे या दवाइयों की आवश्यकता थी, उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही सभी ग्रामीणों से हर छह माह में आंखों की जांच कराने का आग्रह किया गया। अध्या प्रोजेक्ट मैनेजर इम्तियाज अहमद ने आद्या प्रोजेक्ट के तहत महिला सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी दी, जबकि प्रोजेक्ट ऑफिसर मयंक गुप्ता (MDVI) ने दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास के लिए संस्था द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताया। सीनियर को ऑर्डिनेटर अंकित कुमार ने निवारणीय अंधता मुक्त गांव घोषित करने में ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में दीपक रावत ने अतिथियों, ग्रामवासियों, मीडियाकर्मियों एवं अपनी पूरी टीम-संदीप कुमार, राहुल कुमार, अवनीश कुमार सहित सभी सहयोगियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।


