जग्गाहेड़ी टोल पर गुंडागर्दी और अवैध वसूली के खिलाफ भाकियू (तोमर) का आर–पार का ऐलान, 21 दिसंबर को टोल फ्री करने की चेतावनी
मुजफ्फरनगर (रामपुर तिराहा)। जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर कथित गुंडागर्दी, अवैध वसूली और महिलाओं से अभद्रता के आरोपों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान कर दिया है। भाकियू (तोमर) के राष्ट्रीय कार्यालय पर आयोजित आपातकालीन बैठक के बाद संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो 21 दिसंबर को जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी के नेतृत्व में जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा को पूरी तरह टोल फ्री कराया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर तैनात कर्मी नशे की हालत में ड्यूटी करते हैं, बिना वर्दी और नेम प्लेट के रहते हुए आम जनता, किसानों और विशेषकर महिलाओं से अभद्र व्यवहार करते हैं। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर को संगठन के नगर उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र अपने परिवार के साथ पानीपत जा रहे थे, तभी जग्गाहेड़ी टोल पर कर्मियों ने उनके परिवार की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। इस घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई और थाना तितावी में तहरीर भी दी गई, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से किसानों और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
संजीव तोमर ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए किसानों के ट्रैक्टरों से अवैध रूप से टोल वसूला जा रहा है और ट्रैक्टर की जगह जीप की पर्ची थमा दी जाती है। इसके अलावा टोल प्लाजा के पास न तो सड़क और पुल का निर्माण पूरा है और न ही शौचालय, विश्रामगृह या पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी किसान, पदाधिकारी या आम नागरिक का शोषण और टोल कर्मियों की गुंडई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि 21 दिसंबर को भारी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष महबूब बालियान, जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी, युवा जिला अध्यक्ष सोनू चौधरी, पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष रिहान चौधरी, युवा पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर, युवा प्रदेश महासचिव शहजाद मलिक सहित अजय त्यागी, मुकेश गुर्जर, विशाल अहलावत, दिलशाद, छोटा चांद, फिरोज हुसैन, आसिफ, विपिन चौधरी, जाहिद, शाकिर मलिक, सलमान, महबूब, अरुण, एजाज, मोनू धीमान, साजिद, मुकेश चौधरी, रियाज राणा, संजय त्यागी, साजिद अल्वी, टीटू मलिक, समीर, जावेद आलम, इसराइल, अयूब, सऊद, सोनू, अरुण, सलीम, आकिल, मुस्तफा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

