भाकियू अराजनैतिक के धरने में शामिल हुए जिलाध्यक्ष अक्षु त्यागी, किसानों ने सदर तहसील में डाला डेरा

मुज़फ्फरनगर। विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने सदर तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष शशिकांत त्यागी उर्फ काला प्रधान ने किया, जबकि भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष अक्षु त्यागी भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

किसानों ने अधिकारियों को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि ग्राम निर्धना में लेखपाल द्वारा रिश्वत लेकर तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है तथा पुनर्निर्माण पर रोक लगाकर भारी नोटिस थमाए जा रहे हैं। इसके साथ ही आवारा पशुओं का आतंक, नहरों में टेल तक पानी न पहुंचना, गेहूं की पछेती प्रजाति का बीज उपलब्ध कराना, मुथरा से नगला राई तक सड़क निर्माण और चोकड़ा-कुटेसरा मार्ग स्थित तालाब की चारदीवारी जैसी मांगें रखी गईं।

जिलाध्यक्ष अक्षु त्यागी व ब्लॉक अध्यक्ष काला प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *