विधानसभा में उठी मजदूरों की आवाज, जांच समिति पहुंची मुजफ्फरनगर
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा से सपा विधायक पंकज मलिक द्वारा विधानसभा सत्र में शुगर मिलों में मजदूरों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाने के बाद शासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर गठित जांच समिति लखनऊ से मुजफ्फरनगर पहुंची और शुगर मिलों में जांच की।
जांच टीम ने मुजफ्फरनगर की आईपीएल शुगर मिल तितावी और शामली की अपर दोआब शुगर मिल का निरीक्षण किया। टीम ने शुगर मिलों में वेज बोर्ड लागू न करने, ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा देने और मजदूरों की सुविधाओं में कमी से जुड़े आरोपों की गहनता से पड़ताल की।
श्रम विभाग के डिप्टी कमिश्नर शमीम अख्तर ने बताया कि विधायक द्वारा सत्र में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ आरोप सही पाए गए हैं, जिनकी विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई लखनऊ स्तर से की जाएगी।
विधायक पंकज मलिक ने कहा कि क्षेत्र में लगातार शुगर मिल कर्मचारियों और मजदूरों के उत्पीड़न की शिकायतें मिल रही थीं, जिस कारण उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शुगर मिलों में वेज बोर्ड के अनुसार वेतन नहीं दिया जा रहा है, ठेकेदारी प्रथा हावी है और मजदूरों के लिए न तो भोजन की समुचित व्यवस्था है और न ही आराम कक्ष। उन्होंने कहा कि जब तक मजदूरों और कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह इस मुद्दे को सदन और हर स्तर पर उठाते रहेंगे।
बाइट – शमीम अख्तर, डिप्टी कमिश्नर श्रम विभाग
बाइट – पंकज मलिक, सपा विधायक

