Anuj Tyagi


माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में गीता की शिक्षाओं पर आधारित भव्य वार्षिकोत्सव, एसएसपी संजय कुमार वर्मा रहे मुख्य अतिथि

मुज़फ्फरनगर।
माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल, मुज़फ्फरनगर में 14 दिसंबर 2025 को विद्यालय का वार्षिक समारोह (एनुअल फंक्शन) भव्यता, गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “भगवद् गीता की शिक्षाएँ” रही, जिसने समारोह को आध्यात्मिकता, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक एवं सृजनात्मक ढंग से सजाया गया था। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य, नाट्य और गीतों के माध्यम से गीता के कर्मयोग, कर्तव्य, धर्म और जीवन-दर्शन को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सीओ नई मंडी राजू कुमार साव सहित जिले के अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् और समाजसेवी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान खेलकूद और शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार हुआ।

मुख्य अतिथि एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रक्रिया है। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी, समय प्रबंधन और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने पर जोर दिया।

डॉ. नीलम राय वर्मा ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास शिक्षा के साथ संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी से ही संभव है। उन्होंने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के संतुलन पर विशेष बल दिया।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रबंधक नवनीत भारद्वाज, ट्रस्ट सचिव श्री नरेश चंद वत्स, ट्रस्टी मंजरी सिंघल, ट्रस्टी सुमित कुमार रोहल, निर्देशिका चारु भारद्वाज, संयुक्त निर्देशक श्री सुनंद सिंघल एवं प्रधानाचार्य के. जी. अरोड़ा ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रबंधक नवनीत भारद्वाज ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ नैतिक और सांस्कृतिक रूप से भी सशक्त बनाना है। गीता की शिक्षाएँ विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देती हैं।

वहीं निर्देशिका चारु भारद्वाज ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और जीवन मूल्यों को निखारते हैं। अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।

कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ की सराहना की गई। समग्र रूप से माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल का यह वार्षिकोत्सव शैक्षिक, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के संवर्धन की दृष्टि से अत्यंत सफल और प्रेरणादायी रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *