Anuj Tyagi
बस्ती।यूपी
जनपद बस्ती के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदिया स्थित मारुति एजेंसी के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी एक बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें ट्रक चालक सहित बस में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया, जहां कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुई बस संतकबीरनगर से चलकर अजमेर जा रही थी और उसमें बड़ी संख्या में जायरीन सवार थे। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया गया। मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।

