मुज़फ्फरनगर: चरथावल पुलिस ने टोंटी चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
मुज़फ्फरनगर। चरथावल पुलिस ने कस्बे में लगातार बढ़ रही टोंटी चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24 पीतल की टोंटियां बरामद कर मामले का खुलासा किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग पुत्र मिलन निवासी मोहल्ला कानूनगोयान, चरथावल के रूप में हुई है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में टोंटी चोरी की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई थीं। एक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और दबिश देकर आरोपी को पकड़ा गया।
इस बीच समाजसेवी वरुण त्यागी ने चोरी की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ “टोटी चोर चरथावल छोड़ो” पोस्टर के साथ विरोध प्रदर्शन किया था और नगर पंचायत कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और चोरी में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा
है कि कस्बे में ऐसी घटनाओं पर जल्द ही पूर्ण रूप से रोक लगा दी जाएगी।

