दिल्ली ब्लास्ट को एक दुर्घटना बताएंगे – डॉ. संजीव बालियान का बड़ा बयान, बोले- “शायद आतंकवादी इसे कहीं लेकर जा रहे थे”

देश की राजधानी दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान का बड़ा बयान सामने आया है। बुधवार को मुजफ्फरनगर जनपद में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बहुत सालों बाद ऐसी दुर्घटना हुई है और इसे एक दुर्घटना ही कहेंगे

डॉ. बालियान ने कहा कि आतंकवादी इस विस्फोटक को शायद कहीं लेकर जा रहे थे, क्योंकि पहले भी पुलिस ने कई लोगों को पकड़ा है जो करीब 3000 किलो विस्फोटक सामग्री इकट्ठा कर चुके थे। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियों ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था, और पुलिस व अन्य संस्थाओं ने अच्छा काम किया है।

मदरसों की पढ़ाई पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि जैसे उत्तराखंड में हुआ है, वैसे ही पूरे देश में एक जैसी शिक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। धार्मिक शिक्षा अलग विषय है, लेकिन सामान्य शिक्षा पूरे देश में एक समान होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस घटना में जो लोग शामिल पाए गए हैं, वे ज्यादातर पढ़े-लिखे और डॉक्टर हैं, जो वाकई चिंता का विषय है। बालियान ने कहा, “बहुत दिन बाद आतंकवादियों द्वारा ऐसा कृत्य किया गया है। गृह मंत्री उसी दिन घटनास्थल पर पहुंचे थे, कई कड़ियां जुड़ चुकी हैं, गिरफ्तारियां हुई हैं और आगे भी होंगी।”

उन्होंने आगे कहा, “यह चिंता की बात है कि पढ़े-लिखे डॉक्टर आतंकवाद में लिप्त पाए गए। पढ़े-लिखे व्यक्ति से उम्मीद की जाती है कि वह समाज में सुधार लाएगा, लेकिन ऐसे मामले चिंता बढ़ाते हैं। सहारनपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों से भी लोग पकड़े गए हैं। प्रशासन को इन पर लगातार नज़र रखनी चाहिए।”

डॉ. बालियान ने कहा, “देश बहुत बड़ा और मजबूत है, लेकिन अगर पढ़े-लिखे लोग इस रास्ते पर जा रहे हैं तो यह जानना जरूरी है कि कौन उनका ब्रेनवॉश कर रहा है। ऐसी घटनाओं की गहनता से जांच होनी चाहिए। बहुत सालों के बाद ऐसी घटना हुई है और इसे एक दुर्घटना ही कहेंगे, क्योंकि शायद वह विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहे थे। पुलिस और सरकारी एजेंसियों ने पहले ही सतर्कता दिखाकर बड़ा नुकसान होने से रोका है।”

बाइट – डॉ. संजीव बालियान (पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *