मुज़फ्फरनगर।
इंडियन पोटाश लिमिटेड (आई०पी०एल०) यूनिट रोहाना कला में मंगलवार को बेलारूस से आए विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। बी०पी०सी० कम्पनी के डायरेक्टर जनरल एलेक्सी स्कागा, आई०पी०एल० के प्रबंध निदेशक डा० पी०एस० गहलौत, बी०पी०सी० के डायरेक्टर (इंडिया ऑफिस प्रतिनिधि) स्लावा लियाशकोव तथा आई०पी०एल० दिल्ली कार्यालय से डा० यू०एस० तेवतिया ने प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्र, रोहाना कला का निरीक्षण किया।

प्रतिनिधिमंडल ने केन हारवेस्टर, ड्रोन तकनीक और मोबाइल डिस्पेंसरी वैन का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद रोहाना शुगर मिल परिसर में आयोजित कृषक गोष्ठी में भाग लिया। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। क्षेत्र के किसानों ने मालाएं और पगड़ी पहनाकर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान एलेक्सी स्कागा ने कहा कि बेलारूस पोटाश कंपनी विश्व की अग्रणी कंपनियों में से एक है, जो 100 देशों में व्यापार करती है। उन्होंने बताया कि बी०पी०सी० और इंडियन पोटाश लिमिटेड के बीच पिछले 30 वर्षों से व्यापारिक संबंध हैं। उनका उद्देश्य किसानों की समृद्धि है, क्योंकि “किसान खुशहाल होंगे तो हमारी कंपनी का लक्ष्य पूरा होगा।”
डा० यू०एस० तेवतिया ने एलेक्सी के संबोधन का हिंदी अनुवाद करते हुए किसानों को विस्तार से जानकारी दी।
डा० पी०एस० गहलौत ने बताया कि कंपनी किसानों को सस्ते दरों पर उर्वरक और पेस्टीसाइड्स उपलब्ध कराती है, और रोहाना क्षेत्र में ये सभी सुविधाएं पीएम किसान समृद्धि केंद्र पर सुनिश्चित की जाएंगी।

डा० तेवतिया ने कंपनी के मिशन “हमारा किसान खुशहाल होगा तभी हम खुश होंगे” को दोहराते हुए बताया कि डा० गहलौत के नेतृत्व में कंपनी लगातार प्रगति कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अमृत इंटर कॉलेज, रोहाना कला को आधुनिक बनाने के निर्देश एम०डी० द्वारा दिए गए हैं।
कार्यक्रम में डा० अवधेश डागर (गन्ना वैज्ञानिक) ने किसानों को गन्ना बुवाई की तकनीक पर जानकारी दी। इकाई प्रमुख लोकेश कुमार ने अतिथियों व किसानों का धन्यवाद दिया। इस अवसर पर दीपक सोम, डा० भानू, आर०के० तिवारी और अरविंद कुमार सहित आई०पी०एल० के कई अधिकारी मौजूद रहे।

इसके उपरांत विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान प्रबंधक रमेश कुमार शर्मा के साथ आई०पी०एल० की डिस्टिलरी और सी०बी०जी० इकाई का निरीक्षण किया और उसकी सराहना की।
लगभग 300 किसानों ने इस कृषक गोष्ठी में भाग लेकर डा० पी०एस० गहलौत का आभार व्यक्त किया।

