सभासद मोहम्मद शहज़ाद की बड़ी पहल—किदवईनगर में अल-फलाह स्कूल वाली गली का पुनर्निर्माण कार्य शुरू, क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज
रिपोर्ट: साकिब खान
मुज़फ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 54 में विकास कार्य लगातार तेज़ी पकड़ रहे हैं। वार्ड के सभासद मोहम्मद शहज़ाद अपनी सक्रियता और जनसेवा के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान बनाए हुए हैं। उनके प्रयासों से वार्ड की कई पुरानी और गंभीर समस्याओं को समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया गया है।
इसी क्रम में किदवईनगर क्षेत्र में इब्राहिम मस्जिद के पास अल-फलाह स्कूल वाली गली का पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया गया है। यह गली लगभग दो दशकों से खराब व जर्जर स्थिति में होने के कारण स्थानीय लोगों, बच्चों और स्कूल स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के दौरान यह गली कीचड़ और जलभराव से भर जाती थी, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। अब पुनर्निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन और बुनियादी सुविधा दोनों में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों ने सभासद की इस पहल की सराहना की।
स्थानीय निवासी आदिल अंसारी और नफ़ीस मंसूरी ने कहा, “वार्ड 54, जो पहले उपेक्षित माना जाता था, अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। यह बदलाव सभासद मोहम्मद शहज़ाद की मेहनत और निरंतर क्षेत्र भ्रमण का परिणाम है।”
वहीं अल-फलाह स्कूल के प्रबंधक हाजी नसीम ने बताया कि गली की खराब स्थिति के चलते बच्चों को रोज़ाना बड़ी परेशानी होती थी। उन्होंने कहा, “अब सड़क निर्माण होने से बच्चों की सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित होंगी। यह काम बहुत जरूरी था।”
सभासद मोहम्मद शहज़ाद न केवल सड़क व नाली निर्माण जैसे आधारभूत विकास कार्यों पर ध्यान देते हैं, बल्कि शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय रहते हैं। उनकी छवि एक जनसंपर्क वाले और त्वरित समाधान देने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में बनी हुई है।
सभासद मोहम्मद शहज़ाद का बयान:
“यह वार्ड मेरा परिवार है। हर सड़क, हर मोहल्ला और हर घर की सुविधा की जिम्मेदारी मैं समझता हूँ। विकास कार्य रुकेंगे नहीं। मेरी कोशिश है कि वार्ड 54 को पूरी तरह मॉडल वार्ड बनाया जाए। सभी का सहयोग और प्यार मेरे लिए सबसे बड़ी ताकत है।”

