एसडीएम ऋतु चौधरी की सख्त कार्रवाई, बिजनौर में 400 से अधिक नकली खाद के बोरे बरामद
बिजनौर। मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र के गांव महाबलीपुर निवासी और वर्तमान में बिजनौर एसडीएम पद पर तैनात ऋतु चौधरी ने कृषि क्षेत्र में फैले फर्जीवाड़े पर बड़ी कार्यवाही करते हुए एक गोदाम पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से 400 से अधिक नकली खाद के बोरे बरामद किए गए, जिन्हें बाजार में किसानों को ऊंचे दामों पर ठगने के उद्देश्य से बेचे जाने की तैयारी चल रही थी।
सूत्रों के अनुसार, यह नकली खाद असली कंपनी के लेबल में पैक करके सप्लाई की जानी थी, जिससे किसान न सिर्फ आर्थिक नुकसान झेलते बल्कि फसल भी खराब होने का खतरा रहता। एसडीएम ऋतु चौधरी की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने संबंधित सप्लायर व गोदाम संचालकों के खिलाफ जांच तेज कर दी है।
एसडीएम ऋतु चौधरी ने कहा कि किसानों की मेहनत और अधिकारों के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

