मांगेराम त्यागी सहित तीन निर्दोष, पुलिस जांच में मिली क्लीन चिट

मुज़फ्फरनगर

छपार। त्यागी ब्राह्मण भूमिहार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी और उनके दो साथियों को पुलिस जांच में निर्दोष पाया गया है। कुछ दिन पहले बुढ़ाना ब्लॉक के पूर्व प्रमुख विनोद मलिक ने इन पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

शिकायत में कहा गया था कि मांगेराम त्यागी और उनके साथियों ने टोल कर्मियों को काम बंद कराने का दबाव बनाया, जिससे टोल संचालन लगभग 15 घंटे रुका रहा और करीब 15 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। इसके बाद टोल चालू कराने के लिए प्रत्येक माह एक लाख रुपये की मांग किए जाने और धमकी देने का आरोप लगाया गया था।

मामले की जांच सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा के निर्देशन में की गई। जांच में पाया गया कि मांगेराम त्यागी, दीपक गुर्जर और प्रमेंद्र के खिलाफ लगे आरोप सत्यापित नहीं हुए, इसलिए तीनों को क्लीन चिट दे दी गई है। वहीं, छपार निवासी सचिन त्यागी की संलिप्तता पाई गई, जिसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष रही और तथ्यों के आधार पर ही निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *