मुख्यमंत्री योगी से मिले पूर्व विधायक उमेश मलिक, मोनू खटीक हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को 10 लाख सहायता की मांग
मुज़फ्फरनगर। पूर्व विधायक उमेश मलिक के नेतृत्व में मोनू खटीक के परिजनों ने मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास 5 केडी लखनऊ पर मुलाकात की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों को जेल भेजने में लापरवाही की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी नामजद हत्यारोपियों को जेल भेजने की मांग की।
इस दौरान राष्ट्रीय खटीक महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. फलकुमार पंवार ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग रखी।
गौरतलब है कि जनपद के कस्बा बुढ़ाना में 17 अगस्त को करबला रोड पर मोनू खटीक की गैर समुदाय के लोगों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 7 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, लेकिन इसरार त्यागी पुत्र समयदीन और फरीद पुत्र शहीद अब भी फरार हैं। इस पर समाज में गहरा रोष है।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में पूर्व विधायक उमेश मलिक ने पूरा प्रकरण विस्तार से रखा और फरार आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने अपने लेटरपैड पर मुख्यमंत्री को पत्र देकर पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि अपने कोष से स्वीकृत करने की संस्तुति भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया कि सभी नामजद अपराधियों को जेल भेजा जाएगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही प्रमुख सचिव को पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर अखिल भारतीय जाट महासभा के अध्यक्ष ब्रजबीर सिंह, मृतक मोनू की मां संतोष देवी, बहन अंजू देवी, अरुण कुमार, और डॉ. फलकुमार पंवार भी उपस्थित रहे।

