कानपुर में दर्दनाक हादसा: जम्मू-कश्मीर के LG मनोज सिन्हा के रिश्तेदार के बेटे ने किया सुसाइड, सुसाइड नोट में ‘आत्माओं’ का जिक्र

कानपुर के कोहना इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के भांजे आलोक मिश्रा के 16 वर्षीय बेटे आरव मिश्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आरव कक्षा 11 का छात्र था और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आरव ने लिखा है कि कुछ आत्माएं उसे परेशान करती हैं और कहती हैं — “या तो परिवार को खत्म कर दो या खुद मर जाओ।” इस भयावह खुलासे ने परिवार और पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

घटना के समय आरव की दादी घर पर थीं, जबकि उसके माता-पिता छठ पूजा के सिलसिले में भागलपुर गए हुए थे और बहन कॉलेज हॉस्टल में थी। जब दादी ने शाम को दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर आरव को पंखे से लटका पाया गया।

कोहना थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि यह आत्महत्या का मामला है और सुसाइड नोट में “आत्माओं द्वारा सताए जाने” का जिक्र है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और यह जांच कर रही है कि आरव की मानसिक स्थिति क्या थी तथा कहीं उस पर किसी बाहरी दबाव या मानसिक भ्रम का असर तो नहीं था।

घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। कई भाजपा नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि परिवार से मिलने पहुंचे और संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *