Anuj Tyagi
मुजफ्फरनगर में पुलिस और डकैतों के बीच मुठभेड़, एक लाख का इनामी अपराधी महताब ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
मुजफ्फरनगर।
थाना बुढ़ाना और थाना शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम और डकैतों के बीच बीती रात (03 अक्टूबर 2025) परासौली रजवाहा मार्ग पर भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक लाख का इनामी शातिर डकैत महताब पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि दो कुख्यात लुटेरे किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। गोलीबारी से उपनिरीक्षक ललित कसाना और आरक्षी अलीम घायल हो गए। इसके अलावा थाना प्रभारी बुढ़ाना और थानाध्यक्ष शाहपुर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं।

फाइल फोटो मृतक बदमाश मेहताब
अभियुक्त मोटरसाइकिल छोड़कर पास के बंद ईंट-भट्टे में घुस गए और पुलिस पर लगातार फायरिंग करने लगे। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक अपराधी महताब पुत्र अब्बास, निवासी ग्राम सौंटा रसूलपुर, थाना थानाभवन (शामली) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया।
मृतक महताब शातिर किस्म का लुटेरा/डकैत था और थाना बुढ़ाना का वांछित अपराधी था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के 18 से अधिक मामले दर्ज थे। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

घटनास्थल से पुलिस ने लूटे गए लगभग 1.5 किलो चांदी, 30 ग्राम सोने के आभूषण, एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखे कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। फरार अपराधी की तलाश में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
थाना बुढ़ाना पुलिस ने मृतक अपराधी के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज अस्पताल में जारी है।
संजय कुमार वर्मा,एसएसपी

