Anuj Tyagi


बीमा क्लेम के लिए बेटे ने रची मां, पत्नी और पिता की मौत की साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हापुड़, यूपी।
हापुड़ पुलिस ने विशाल कुमार और उसके दोस्त सतीश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने बीमा क्लेम पाने के लिए अपने पिता, मां और पत्नी की मौत की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, मृतक मुकेश सिंघल की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड्स में विसंगतियां पाई गईं। दुर्घटना दिन में हुई बताई गई, जबकि अस्पताल के रिकॉर्ड में रात का समय दर्ज था। इसके अलावा, मृतक की चोटें और पुत्र विशाल द्वारा बताई गई चोटें मेल नहीं खाती थीं।

मुकेश सिंघल ने कई बीमा कंपनियों से कुल 39 करोड़ रुपये का बीमा कर रखा था, जबकि उनकी वार्षिक आय केवल 12–15 लाख रुपये थी। बीमा क्लेम को विशाल ने अपने नाम कर लिया था।

जांच में यह भी सामने आया कि विशाल पहले अपनी मां प्रभा देवी (2017 में पिलखुवा में सड़क दुर्घटना में मृत) और अपनी पत्नी की मौत के बाद भी बीमा राशि हड़प चुका था। प्रभा देवी के मामले में उसे 80 लाख और पत्नी की मौत के बाद करीब 30 लाख रुपये मिले थे।

बीमा कंपनी के प्रतिनिधि संजय कुमार ने बताया कि विशाल ने क्लेम के लिए कई झूठ और दस्तावेजों में गड़बड़ी की। जांच टीम को सहयोग न देने के साथ, उसने महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराने से भी इनकार किया और रिश्वत देने का प्रयास किया। वाहन का पंजीकरण और आधार-पैन कार्ड की जानकारी भी नहीं दी गई।

हापुड़ के सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि यह पूरी घटना योजनाबद्ध साजिश का हिस्सा थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अनुमान है कि यह एक बड़ी धोखाधड़ी के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

बीमा कंपनी निवा बुपा के संजय कुमार के अनुसार, मृतक मुकेश सिंघल टाटा एआईजी, मैक्स लाइफ, टाटा एआईए, एचडीएफसी एर्गो और अन्य कई कंपनियों का बीमा पॉलिसीधारक था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *