बागपत में चाची-भतीजे की शादी चर्चा का विषय, थाने के बाहर हुई रस्में
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां चाची और भतीजे ने आपसी सहमति से विवाह कर लिया। जानकारी के अनुसार दोनों ने थाने के बाहर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। बताया जा रहा है कि यह विवाह महिला के पति की सहमति से हुआ।
बताया गया है कि 28 वर्षीय महिला की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और पिछले लगभग पांच वर्षों से उसका अपने 22 वर्षीय भतीजे के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इस रिश्ते को लेकर परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
महिला के पति का आरोप है कि उसकी पत्नी खाने में नींद की दवा मिलाकर उसे और बच्चों को सुला देती थी और इसके बाद भतीजे से मिलने चली जाती थी। पति का कहना है कि हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे, इसलिए किसी अनहोनी से पहले उसने दोनों की शादी करवा दी। पति ने यह भी दावा किया कि अगर ऐसा नहीं करता तो उसके साथ मेरठ के चर्चित “नीले ड्रम” मामले जैसी घटना हो सकती थी।
पति का कहना है कि अब उसका अपनी पत्नी से कोई लेना-देना नहीं है और वह अपने बच्चों को लेकर कहीं और चला जाएगा। उसने कहा कि इस घटना के बाद वह समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं रहा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शादी के बाद चाची-भतीजा अपने घर नहीं लौटे और परिजनों का कहना है कि दोनों किसी दूसरे शहर चले गए हैं। यह मामला फिलहाल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
AnujTyagiPost

