असलम त्यागी

गांव रोनी हरजीपुर पहुंचे विधायक पंकज मलिक, जनसंपर्क कर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने गांव रोनी हरजीपुर पहुंचकर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर क्षेत्र के विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विधायक पंकज मलिक ने गांव में स्थित बाबा दीवान नाथ की समाधि पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक माथा टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सड़क, पेयजल, सफाई व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विधायक पंकज मलिक ने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला कर्तव्य जनता के बीच रहकर उनकी बात सुनना और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनता की भागीदारी जरूरी है, इसलिए वह नियमित रूप से गांव-गांव जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी को मिलकर सहयोग करना होगा, क्योंकि जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत है। विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे और किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है।

इस दौरान मुख्य रूप से नंदकिशोर पुंडीर, हरिओम पुंडीर, महिपाल फौजी, ग्राम प्रधान विनोद फौजी, पप्पू प्रधान, सोनू प्रधान, सुंदरा सिंह, कपिल मलिक,मांगेराम, अमित पुंडीर, नरेंद्र नेताजी, आशु पुंडीर, दीपक चौहान, बिल्लू राणा, अंकुर राणा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह दिखाई दिया और लोगों ने क्षेत्रीय विकास को लेकर विधायक के साथ सकारात्मक चर्चा की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *