मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र की पिटाई का आरोप, छात्रों ने किया धरना-प्रदर्शन
अनुज त्यागी
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र दीपांशु सैनी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शुक्रवार शाम कॉलेज परिसर में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद सुरक्षा गार्डों ने छात्र के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ गार्ड छात्र को पीटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना में छात्र को चोटें भी आई हैं।
जानकारी के अनुसार, दीपांशु सैनी कॉलेज अपनी बाइक से पहुंचे थे, तभी पार्किंग को लेकर गार्ड और छात्र के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कई गार्डों ने मिलकर छात्र के साथ मारपीट कर दी।
घटना से नाराज साथी छात्रों ने शनिवार को कॉलेज गेट पर धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए आरोपी गार्डों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को आश्वासन दिया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद स्थिति को शांत कराया गया।
छात्र शुभम पाठक ने बताया कि उनके साथी छात्र दीपांशु सैनी के साथ कथित तौर पर गार्डों द्वारा बदसलूकी और मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की सुरक्षा के लिए तैनात गार्डों का व्यवहार ठीक नहीं है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। छात्रों ने मांग की है कि संबंधित गार्डों को निलंबित किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए लिखित आश्वासन दिया जाए।
वहीं इस मामले में सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि 13 फरवरी 2026 की रात थाना मंसूरपुर क्षेत्र के मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में छात्र और सुरक्षा गार्ड के बीच बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

