सहारनपुर। कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को “वोट चोर, गद्दी छोड़, बाइक रैली” को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। रैली से पहले ही कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद, जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, विधायक शाहनवाज खान व अन्य नेताओं को उनके घरों पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सुबह से ही कांग्रेसजनों ने नेताओं के आवासों पर जुटकर विरोध प्रदर्शन किया।
रैली में शामिल होने के लिए जनपदभर से आ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने रास्ते में रोककर डिटेंड किया। रेलवे कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में एकत्रित सैकड़ों कांग्रेसजनों को पुलिस ने मंडी समिति रोड जाने से रोका, जहां हाथापाई की नौबत तक आ गई। पुलिस ने महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी सहित कई नेताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा और सभी को दोपहर बाद छोड़ा गया।
कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद के निवास क्षेत्र को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया, बावजूद इसके वहां हजारों कार्यकर्ता पहुंच गए और “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाते रहे। इमरान मसूद ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन संविधान की रक्षा और वोटरों के अधिकार की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि सरकार जितना इसे दबाएगी, यह आंदोलन उतनी ही तेजी से पूरे देश में फैलेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में यह आंदोलन हर गली-मोहल्ले तक पहुंचेगा। इस दौरान जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, मनीष त्यागी, एमएलसी शाहनवाज खान, मसूद अख्तर, शायन मसूद, प्रवीण चौधरी, वरुण शर्मा, गौरव वर्मा सहित हजारों कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *