
सहारनपुर, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, जिला इकाई सहारनपुर द्वारा प्रदेश में बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों, विद्युत दरों में प्रस्तावित 45% वृद्धि तथा ऊर्जा मंत्री की टिप्पणी को लेकर जोरदार विरोध प्रकट किया गया। मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन व महामंत्री रमेश अरोड़ा के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में व्यापार मंडल ने कहा कि लगातार हो रही बिजली कटौती से व्यापारियों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। उद्योग-धंधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इसके साथ ही विद्युत नियामक आयोग द्वारा दरों में लगभग 45% की बढ़ोतरी और शहरी फिक्स चार्ज 110 से 190 रुपये तथा ग्रामीण फिक्स चार्ज 90 से 150 रुपये प्रति किलोवाट बढ़ाने का प्रस्ताव आम जनता पर भारी बोझ साबित होगा।
मंडल ने कहा कि जब उपभोक्ता उपयोग की गई बिजली की पूरी कीमत चुका रहा है तो फिक्स चार्ज लेना अन्याय है, इसे समाप्त किया जाना चाहिए। स्मार्ट मीटर की रीडिंग सामान्य से 4.5 गुना अधिक आ रही है, जिसे चेक मीटरों ने भी गलत ठहराया है। ये स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनियां गोवा में ब्लैकलिस्टेड हैं, ऐसे में इस पूरे अनुबंध की पुनर्समीक्षा की मांग की गई।
व्यापारी वर्ग ने ऊर्जा मंत्री श्री अरविंद शर्मा की व्यापारियों पर की गई टिप्पणी को “अक्षम्य” बताते हुए कहा कि यह सामाजिक समरसता को तोड़ने वाली है और सरकार को इस पर सख्त निर्देश जारी करने चाहिए ताकि ऐसी टिप्पणियों की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में मेजर एस.के. सूरी, पवन गोयल, रमेश डावर, मुरली खन्ना, अभिषेक भाटिया, राजीव अग्रवाल, संजय महेश्वरी, संदीप सिंघल, अशोक मलिक सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
व्यापारी एकता जिन्दाबाद — पं. श्याम बिहारी मिश्रा अमर रहे
कोम पार्टी कोई भी हो, पहले हम व्यापारी हैं!

