कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सैनिकों को बड़ा तोहफा, परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ हुई

राजसत्ता पोस्ट | अनुज त्यागी अपडेट | देहरादून, 25 जुलाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड के वीर सैनिकों के सम्मान में बड़ा कदम उठाया है। अब परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि को ₹50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपए कर दिया गया है। साथ ही, उन्हें तीन लाख रुपए वार्षिक अनुदान पूर्व की भांति मिलता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में यह घोषणा की। यह समारोह मुख्यमंत्री के पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया था। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि,

“देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान के कारण सुरक्षित हैं। प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह सैनिकों की वीरता और समर्पण का सम्मान करे। उत्तराखंड न केवल देवभूमि, बल्कि वीरभूमि भी है।”

उन्होंने कहा कि एक सैनिक और उसके परिवार का जीवन त्याग, अनुशासन और सेवा की मिसाल होता है। राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर ठोस और प्रभावी निर्णय ले रही है।

पहले 30 लाख, फिर 50 लाख, अब डेढ़ करोड़

जून 2022 से पहले परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि ₹30 लाख थी। 10 जून 2022 को कैबिनेट ने इसे बढ़ाकर ₹50 लाख किया, और 14 जुलाई 2022 को शासनादेश जारी हुआ। अब मुख्यमंत्री धामी ने इसे बढ़ाकर एकमुश्त डेढ़ करोड़ रुपए कर दिया है।

इस निर्णय से उत्तराखंड में वीर सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान बढ़ेगा और युवाओं को सेना में सेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *