कांवड़ यात्रा 2025: एसएसपी ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, पैदल गश्त कर दिलाया सुरक्षा का एहसास
मानवीय पहल: खिलौने बेच रही महिला के सारे खिलौने खरीदकर बच्चों में बांटे
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा 2025 के दौरान यात्रियों और आमजन की सुरक्षा एवं यात्रा को सुरक्षित, निर्विघ्न और दुर्घटनामुक्त कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में सोमवार रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने शिव चौक, झांसी की रानी रोड, भगत सिंह रोड सहित कांवड़ मार्ग पर बिजली, पेयजल, प्रकाश, सीसीटीवी कैमरे आदि व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने एटीएस टीम और पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर शिवभक्तों और आमजन को सुरक्षा का एहसास दिलाया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, यात्रियों से शालीन व्यवहार करने, उनकी हरसंभव मदद करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी यात्री की तबीयत खराब होने या किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाए और उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए।
इस दौरान एसएसपी ने मानवीय पहल करते हुए कांवड़ मार्ग पर खिलौने बेच रही महिला के सभी खिलौने खरीदकर उसकी आर्थिक मदद की और खिलौने मौके पर मौजूद बच्चों में वितरित किए। महिला ने एसएसपी का आभार जताया। इस दौरान पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मुजफ्फरनगर पुलिस एवं प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लें।
Anuj Tyagi 8171660000

