गांव खाई खेड़ी पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत, किसानों से की खेती और किसान हितों पर चर्चा
मुज़फ़्फ़रनगर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत रविवार शाम गांव खाई खेड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने भाकियू जिला महामंत्री प्रधान हरिओम त्यागी के आवास पर ग्रामीणों और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों से कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के हक और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान है, लेकिन आज भी किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल पा रहा। उन्होंने फसलों के एमएसपी गारंटी कानून की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य नहीं मिलेगा, तब तक किसान पूरी तरह आत्मनिर्भर नहीं हो सकते।

उन्होंने स्थानीय किसानों से उनकी फसल, सिंचाई और बिजली समस्याओं को लेकर भी चर्चा की और अधिकारियों से इन समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया। टिकैत ने युवाओं से खेती में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाने की भी अपील की ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन किया जा सके।
इस दौरान गांव के वरिष्ठ किसान नेता भाकियू मंडल सचिव संजय त्यागी ने भी कहा कि किसान यूनियन ने हर मुश्किल वक्त में किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया है और आज भी गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को समझने का काम कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर संगठन के साथ जुड़ने और अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
इस मौके पर सतपाल त्यागी नेताजी, संजय त्यागी, विजेंदर त्यागी, मनोज त्यागी, भोला त्यागी, जीतू त्यागी, लवी त्यागी, भानु त्यागी, प्रमोद त्यागी, राहुल त्यागी, विजय त्यागी,चौधरी भानू त्यागी, अमित पाल, अंकुर शास्त्री, चौधरी सचिन त्यागी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने राकेश टिकैत का आभार व्यक्त किया और गांव में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया।

