
देवबंद , बजरंग दल के पूर्व प्रदेश संयोजक विकास त्यागी ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और दुकानों का संचालन करने वालों की पहचान उजागर करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। विकास त्यागी ने अपने बयान में कहा कि पहलगाम में हिंदुओं की पहचान के आधार पर की गई निर्मम हत्याएं भी जेहाद का हिस्सा हैं, और अब देश में अपनी असली पहचान छुपाकर व्यवसाय चलाना भी उसी श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर सभी दुकानदारों की पहचान सार्वजनिक कराना मुख्यमंत्री योगी का सराहनीय कदम है और इस आदेश का सख्ती से पालन होना चाहिए।
विकास त्यागी ने कहा कि देश में पहचान छुपाकर व्यापार करना और लोगों को गुमराह करना अपराध की श्रेणी में आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कांवड़ मार्ग पर पहचान को लेकर राजनीति कर रहे हैं, जबकि किसी भी धार्मिक या सामाजिक संगठन ने मुस्लिम दुकानदारों से सामान न खरीदने का आह्वान नहीं किया है। केवल अपनी पहचान उजागर करने की बात कही गई है, ताकि कांवड़ मार्ग पर अनावश्यक विवाद और झगड़े टाले जा सकें।
विकास त्यागी ने यह भी सवाल उठाया कि जब इस्लाम में मूर्ति पूजा पाप मानी जाती है, तो फिर हिंदू देवी-देवताओं के नाम का सहारा क्यों लिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि नाम छिपाकर होटल और अन्य व्यवसाय चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में पारदर्शिता और विश्वास बना रहे।

