
सहारनपुर। जिला जज तरूण कुमार सक्सेना, जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने शुक्रवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और बंदियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और बंदियों को आश्वस्त किया कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की विधिक या कानूनी सहायता की आवश्यकता हो तो वे बेहिचक बताएं, सरकार द्वारा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
तीनों अधिकारियों ने जेल अस्पताल, मैस, बैरक सहित विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सफाई, भोजन और सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जेल परिसर में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु प्रवेश न कर पाए और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

